उत्तर भारत में भूकंप के झटके, 5.9 तीव्रता का केंद्र अफगानिस्तान में

नयी दिल्ली, 3 अप्रैल (UNS)। शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, पंजाब और हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके कुछ सेकंड तक रहे, हालांकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

अधिकारियों के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में 36.398 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.878 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई लगभग 150 किलोमीटर बताई गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झटके अचानक महसूस हुए और कुछ क्षणों के लिए लोगों में हल्की दहशत फैल गई। चंडीगढ़ निवासी बलदेव चंद ने बताया कि उन्हें कुछ सेकंड तक तेज झटके महसूस हुए। वहीं जीरकपुर में एक बहुमंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर रहने वाले अजय कुमार ने कहा कि झटकों के दौरान उन्होंने नीचे जाने के बारे में सोचा, लेकिन कंपन जल्दी ही थम गया।

भूकंप के बाद प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *