शाहजहांपुर, 21 फरवरी। नेपाल की राजधानी काठमांडू में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित चतुर्थ माउंट एवरेस्ट एवं द्वितीय माउंट एवरेस्ट जी.सी.एस. पुमसे (डब्ल्यूटी जी-1) अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शाहजहांपुर के अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो मास्टर डॉ. पुनीत मनीषी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया।
डॉ. मनीषी ने उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के माध्यम से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा एवं अंडर-50 सीनियर टीम पुमसे स्पर्धा में उन्होंने आगरा के संतोष कुमार सिंह और प्रदीप गौड़ के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन नेपाल ताइक्वांडो संघ द्वारा World Taekwondo और Asian Taekwondo Union के सहयोग से किया गया। इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 28 देशों के लगभग 2000 से अधिक खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान डॉ. पुनीत मनीषी को कोच के रूप में भी नेपाल ताइक्वांडो संघ के अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि वे अब तक आठ अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर मनीषी ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. नदीम खान, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मो. रफत, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव रजत आदित्य दीक्षित सहित अनेक पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
