जर्मनी दौरे पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, निवेश सहयोग को नई गति

लखनऊ, 23 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने फ्रैंकफर्ट में विभिन्न औद्योगिक और सरकारी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर निवेश, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। यह दौरा राज्य में वैश्विक निवेश आकर्षित करने के प्रयासों का हिस्सा माना जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने जर्मन औद्योगिक संगठनों और निवेश संस्थाओं के साथ बैठक कर सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग पर चर्चा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश को उभरते वैश्विक निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए राज्य की निवेशक-अनुकूल नीतियों, विस्तारित औद्योगिक आधार और विशाल उपभोक्ता बाजार को रेखांकित किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने हेसेन राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की, जिसमें वित्त, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक नवाचार जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने राज्य-से-राज्य सहयोग को औपचारिक रूप देने और जर्मन औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल के उत्तर प्रदेश दौरे की रूपरेखा तैयार करने पर भी सहमति व्यक्त की।

बैठकों में लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर, औद्योगिक नवाचार, एयरपोर्ट आधारित आर्थिक गतिविधियों और तकनीकी सहयोग के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने जर्मन कंपनियों को उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों—टेक्सटाइल, अपैरल, लेदर, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल डिवाइस, रसायन, फार्मा और रक्षा विनिर्माण—में निवेश के अवसरों से अवगत कराया।

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक पार्क, रक्षा कॉरिडोर, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर अवसंरचना वैश्विक निवेशकों के लिए व्यापक संभावनाएं प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने जर्मन उद्योगों को संयुक्त उपक्रमों, तकनीकी सहयोग और दीर्घकालिक निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सुदृढ़ स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा भारत और जर्मनी के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *