शाहजहांपुर। स्मार्ट मीटर व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता खिरनीबाग स्थित रामलीला मैदान में एकत्रित हुए, जहां से जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी के साथ कार्यालय पहुंचे।
कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों की अनुपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में विभाग के प्रतिनिधि के रूप में बड़े बाबू ने ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना उपभोक्ताओं के मीटर बदले जा रहे हैं, जिससे आमजन को असुविधा हो रही है। प्री-पेड सिस्टम के चलते ऑटो कट की समस्या से कई उपभोक्ताओं की बिजली बाधित हो रही है। साथ ही तकनीकी खामियों के कारण बिल जमा करने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि देखी जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश है। पार्टी ने विद्युत क्षेत्र के निजीकरण का विरोध करते हुए इसे जनहित के खिलाफ बताया और संविदा कर्मचारियों की छंटनी पर भी नाराजगी जताई।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी तकनीकी खामियों को तत्काल दूर किया जाए, बिजली काटने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाए और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, पीसीसी सदस्य तनवीर सफदर, रामजी अवस्थी, सईद अंसारी, अर्चना कटारिया, रफी उल हसन, डॉ. फहाद अली, पूनम पांडेय, अनस इकबाल, नूरे सहर बी, रानी पांडे, सीमा गौतम, आशा शुक्ला, संजय सक्सेना, सुशील प्रकाश शर्मा, साजिद खान, मुस्तकीम, इरफान, वकार आलम, साद उल्ला खां, ओमपाल यादव, ओवेंद्र यादव, प्रो. जाने आलम खान, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, राहुल मौर्य, अरुणोद मिश्रा, इरशाद खान, कमल किशोर, लक्ष्मीकांत मिश्रा, चांद बाबू अंसारी, परवेज अहमद, सुधांशु मिश्रा, शोभित मिश्रा, अयान खान, फरमान खान, शाहनवाज खान, हरनाम कटियार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन की खास बात यह रही कि आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी विद्युत समस्याओं को साझा किया, जिससे यह मुद्दा जनसरोकार से जुड़ा हुआ दिखाई दिया।
