कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर साझा किए स्क्रीनशॉट

मुंबई, 22 मई 2026 (यूएनएस)। सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चित हो रही व्यंग्यात्मक डिजिटल मुहिम “कॉकरोच जनता पार्टी” के संस्थापक अभिजीत दीपके को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में अभिजीत दीपके ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए व्हाट्सऐप पर मिले धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट पोस्ट किए हैं।

अभिजीत दीपके के अनुसार, उन्हें यह धमकी व्हाट्सऐप के जरिए भेजी गई। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। उनके समर्थकों और कई सोशल मीडिया यूजर्स ने मामले की निष्पक्ष जांच और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की मांग उठाई है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अभिजीत दीपके के माता-पिता पहले ही उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके हैं। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले उनके पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने हाल ही में एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में आशंका जताई थी कि उनका बेटा किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकता है या उसकी गिरफ्तारी हो सकती है।

इससे पहले अभिजीत दीपके ने भी एक इंटरव्यू में भारत लौटने पर गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। अब जान से मारने की धमकी मिलने के बाद यह मामला और गंभीर माना जा रहा है।

गौरतलब है कि बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र अभिजीत दीपके ने करीब एक सप्ताह पहले “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से डिजिटल अभियान शुरू किया था। देखते ही देखते इस मुहिम को सोशल मीडिया पर भारी समर्थन मिला और इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 20.4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हो गए।

यह अभियान उस समय चर्चा में आया था जब भारत के मुख्य न्यायाधीश  जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी में “परजीवी” और “कॉकरोच” जैसे शब्दों का इस्तेमाल हुआ था। हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया और उनका इशारा केवल फर्जी डिग्री के जरिए वकालत में आने वाले लोगों की ओर था।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *