सीएम योगी का बहराइच दौरा: 136 परिवारों को आवास और भूमि की सौगात, 500 वंचित लोगों के पुनर्वास योजना का शुभारंभ

बहराइच/लखनऊ, 25 मार्च, 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर बहराइच जनपद पहुंचकर मिहिरपुरवा क्षेत्र के भरतापुर गांव में 136 विस्थापित परिवारों को आवास, शौचालय और भूमि के पट्टों का वितरण किया तथा करीब 500 गरीब एवं वंचित लोगों के पुनर्वास की योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि डिजिटल माध्यम से सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बहराइच की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे महाराजा सुहेलदेव के शौर्य की धरती बताया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम आज भी समाज को प्रेरित करता है और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा उपेक्षित रहे इन परिवारों के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भरतापुर गांव के 500 अभिवंचित लोगों के पुनर्वास के लिए लगभग 21 करोड़ 55 लाख रुपये की योजना लागू की गई है। इन परिवारों को जंगल क्षेत्र से हटाकर एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित कॉलोनी में बसाया जा रहा है, जहां उन्हें बेहतर जीवन की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने नवंबर 2025 की एक दुखद घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि भरतापुर गांव में बाजार से लौट रही एक नाव सरयू नदी में बह गई थी, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया और कई लोगों को बचाया गया, लेकिन नौ लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण करने पर उन्होंने देखा कि कई परिवार बीहड़ जंगल में खतरनाक परिस्थितियों के बीच रह रहे हैं, जहां एक ओर जंगली जानवरों का खतरा है तो दूसरी ओर नदी में मगरमच्छ जैसी खतरनाक प्रजातियां मौजूद हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने इन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्वास योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 748 वर्गफुट भूमि का पट्टा, आवास निर्माण के लिए करीब 17.70 लाख रुपये और अन्य सुविधाओं के लिए लगभग 3.55 लाख रुपये प्रति परिवार दिए जा रहे हैं। साथ ही नई कॉलोनी में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि कॉलोनी का निर्माण सुनियोजित और उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए, ताकि शारदीय नवरात्रि तक लाभार्थियों का गृहप्रवेश कराया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहराइच के भरतापुर की तरह ही जनपद के अन्य 6 वन्य गांवों को भी राजस्व गांव के रूप में विकसित किया जा चुका है और अन्य जिलों में भी इसी प्रकार के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, दंगाइयों और गुंडों को संरक्षण मिलता था, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बना रहता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और सभी त्योहार शांति एवं सौहार्द के साथ मनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जाति, पंथ या संप्रदाय के आधार पर नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद को परिवार का हिस्सा मानकर योजनाओं का लाभ दे रही है। इस पुनर्वास योजना में दलित, पिछड़े और जनजातीय समुदाय समेत विभिन्न वर्गों के लोगों को शामिल किया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि बहराइच से राजधानी लखनऊ की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सड़क अवसंरचना का विस्तार किया गया है। पहले जहां इस मार्ग को तय करने में लगभग दो घंटे लगते थे, वहीं अब यह यात्रा करीब सवा घंटे में पूरी हो रही है और भविष्य में सड़क को और चौड़ा कर यात्रा समय को 45 मिनट तक लाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर परिवार को सुरक्षित आवास, मूलभूत सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन स्तर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *