लखनऊ, 24 मार्च,RNN। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को मंगलवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल में सफलता के पीछे संघर्ष, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “जितना पसीना बहेगा, जीत उतना ही निकट आएगी।”
मुख्यमंत्री ने छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण अवॉर्ड और चार खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मानित किया। इसके साथ ही 14 पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 1.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर एकलव्य क्रीड़ा कोष से खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता का अंतरण भी किया।
छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को मिले नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री द्वारा जिन छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, उनमें राजकुमार पाल और प्रवीण कुमार को पुलिस विभाग में डीएसपी, अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रीतिपाल को खंड विकास अधिकारी तथा क्रिकेट खिलाड़ी रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पद पर नियुक्ति दी गई। हालांकि अपरिहार्य कारणों से रिंकू सिंह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।
पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण अवॉर्ड
इस अवसर पर पांच खिलाड़ियों को लक्ष्मण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड के तहत खिलाड़ियों को 3.11 लाख रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में उत्तम सिंह (हॉकी, गाजीपुर), अभिजीत कुमार (जिम्नास्टिक, प्रयागराज), जोंटी कुमार (कुश्ती, नोएडा), यश कुमार (पैरा कैनोइंग, आगरा) और प्रवीण कुमार (पैरा एथलेटिक्स, नोएडा) शामिल हैं।

चार खिलाड़ियों को मिला रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड
समारोह में चार महिला खिलाड़ियों को रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड के तहत भी खिलाड़ियों को 3.11 लाख रुपये, कांस्य प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में प्राची (एथलेटिक्स, सहारनपुर), तान्या चौधरी (एथलेटिक्स, बागपत), प्रगति केसरवानी (पैरा टेबल टेनिस, लखनऊ) और वंतिका अग्रवाल (शतरंज, नोएडा) शामिल हैं।
14 खिलाड़ियों को दी गई 1.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि
इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले 14 खिलाड़ियों को कुल 1.64 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इनमें विनय (पैरा पावरलिफ्टिंग, गोरखपुर) को 40 लाख रुपये, विक्रांत बालियान (वुशु, मेरठ), सागर दांगी (शूटिंग, बागपत), दीपक कुमार (पर्वतारोहण, गाजियाबाद) और लेफ्टिनेंट कर्नल भानु पाठक (पर्वतारोहण, गोरखपुर) को 15-15 लाख रुपये प्रदान किए गए।
इसके अलावा तनुश्री पांडेय और ओम यादव (सॉफ्ट टेनिस, लखनऊ), मुस्कान यादव (सॉफ्ट टेनिस, प्रयागराज), अभय सिंह (कयाकिंग व कैनोइंग, वाराणसी) तथा श्रवण कुमार, यश तोमर और ईशान खान (शूटिंग, बागपत) को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

खिलाड़ियों को अनुशासन और परिश्रम का संदेश
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में गिरना, उठना और जीतना सिखाता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा शुरुआत देती है, लेकिन कठिन परिश्रम ही लक्ष्य तक पहुंचाता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को अनुशासित दिनचर्या का हिस्सा बनाने और देश व प्रदेश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतने का आह्वान किया।
खेल सुविधाओं के विस्तार और विश्वविद्यालय के लोकार्पण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण मई-जून में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हर मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित कर उन्हें किसी एक खेल के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित खिलाड़ी सिमरन शर्मा और हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उत्तर प्रदेश में खेल एवं खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की सराहना की।
