लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत राज्य बजट को 25 करोड़ प्रदेशवासियों के सपनों को साकार करने वाला ‘रोडमैप’ बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को चरितार्थ करते हुए उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा प्रस्तुत बजट को उन्होंने समावेशी विकास और भविष्य की तकनीक के बीच संतुलित बताया।
मंत्री ने कहा कि बजट में जल सुरक्षा, सिंचाई क्षमता विस्तार और ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण योजनाओं के लिए 18,290 करोड़ रुपये का प्रावधान कृषि तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मध्यमगंगा स्टेज-2, कनहर सिंचाई परियोजना, केन-बेतवा लिंक परियोजना और भौंट बांध जैसी बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं को गति दी जा रही है। इनके पूर्ण होने पर लगभग 4.49 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता का सृजन एवं पुनर्स्थापन होगा, जिससे लाखों किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 2100 नए राजकीय नलकूपों के निर्माण और डार्क जोन में 569 असफल नलकूपों के पुनर्निर्माण से करीब 1.62 लाख हेक्टेयर सिंचन क्षमता की पुनर्स्थापना हुई है, जिससे लगभग 1.43 लाख कृषक परिवार लाभान्वित हुए हैं। वहीं, बीते वर्ष 285 बाढ़ परियोजनाएं पूरी होने से लगभग 49.90 लाख आबादी को राहत मिली और 11,065 किलोमीटर ड्रेनों की सफाई से जल निकासी व्यवस्था मजबूत हुई है।
ग्रामीण पेयजल के मोर्चे पर मंत्री ने बताया कि नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के लिए 22,676 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 2.67 करोड़ ग्रामीण परिवारों को गृह नल संयोजन देने के लक्ष्य के सापेक्ष 2.43 करोड़ घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2026–27 में जल जीवन मिशन के विभिन्न घटकों के लिए लगभग 22,452 करोड़ रुपये की व्यवस्था से शेष घरों तक भी शीघ्र ‘नल से जल’ पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
श्री सिंह ने कहा कि पूंजीगत व्यय पर जोर देते हुए यह बजट स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा। जल संसाधनों के समुचित प्रबंधन, बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण से प्रदेश कृषि उत्पादन और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों को बजट के लिए बधाई दी।
