कैरम में प्रज्ञा, अचिंत्य, नीलांश, अमन व बैडमिंटन में आशीष, शिवांश, गौरी चैंपियन
लखनऊ, 7 फरवरी 2026। हर्ष पाण्डेय, वाजीहा फातिमा और सौरभ शर्मा ने मीडिया ओलंपिक के तीसरे संस्करण के पहले दिन फर्राटा चैंपियन होने का गौरव हासिल किया। मीडिया ओलंपिक की शुरुआत शनिवार को को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम के साथ हुई। दूसरी ओर कैरम में प्रज्ञा सिंह, अचिंत्य कुमार शाही, नीलांश गुप्ता व अमन अग्रवाल चैंपियन बने। वहीं बैडमिंटन में आशीष, शिवांश व गौरी ने विजेता ट्रॉफी जीती।
मीडिया ओलंपिक संघ व द इंडियन व्यू मासिक पत्रिका के तत्वावधान में आयोजित इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग नितिन अग्रवाल ने किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर रही है और खेलो इंडिया गेम्स जैसे आयोजन देश के खेलों को नई पहचान दे रहे है। मीडिया ओलंपिक भी मीडिया कर्मियों व उनके परिवारों की खेल प्रतिभाओं को दिखाने का सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। सम्मानित अतिथि लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि दिन-रात खबरों में जुटे पत्रकार आज मैदान में उतरकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
उद्घाटन के दौरान विशिष्ट अतिथि मृत्युंजय कुमार (सूचना सलाहकार, मुख्यमंत्री), खेल निदेशक डा. आरपी सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डा. आनन्देश्वर पाण्डेय व इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कामर्स उत्तर प्रदेश चैप्टर के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। आयोजन सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार को फुटबॉल शूट आउट, रस्साकसी, मेडिसिन बॉल थ्रो, शतरंज, बैडमिंटन व एथलेटिक्स की स्पर्धाओं का आयोजन होगा।

एथलेटिक्स की स्पर्धाओं में 35 वर्ष से अधिक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आशीष प्रजापति पहले, सीएस आजाद दूसरे व शादाब आलम तीसरे स्थान पर रहे। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 50 मीटर दौड़ में विजय पाण्डेय पहले, नजम हसन दूसरे व अरुण कुमार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-20 वर्ग की 50 मीटर दौड़ में नीलांश ने पहला व आदर्श ने दूसरा स्थान हासिल किया जबकि अंडर-10 वर्ग की 50 मीटर दौड़ में सुयश ने पहला व अभिलाषा ने दूसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-20 वर्ग की 100 मी दौड़ में हर्ष पाण्डेय व वाजीहा फातिमा फर्राटा अव्वल रहे जबकि 35 वर्ष से अधिक की 100 मीटर दौड़ में सौरभ शर्मा पहले, अनूप सिंह दूसरे व राजन गौतम तीसरे स्थान पर रहे।
कैरम में महिला अंडर-35 में प्रज्ञा सिंह चैंपियन बनी जिन्होंने प्राची यादव को शिकस्त दी। पुरुष 35 वर्ष से अधिक में अमन अग्रवाल पहले व अमित सिंह दूसरे, बालक अंडर-16 में अचिंत्य कुमार शाही पहले व शिवांश तिवारी दूसरे जबकि पुरुष अंडर-35 में नीलांश गुप्ता पहले व आदर्श यादव दूसरे स्थान पर रहे।
बैडमिंटन पुरुष 35 वर्ष से अधिक में आशीष प्रजापति पहले, शादाब आलम दूसरे व सीएस आजाद तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-20 आयु वर्ग में बालकों में शिवांश व बालिकाओं में गौरी तिवारी ने पहला स्थान हासिल किया।
आज आयोजन के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह, प्रद्युम्न तिवारी, प्रेम कांत तिवारी, रत्नाकर सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अनंत मिश्रा, ज्ञानेंद्र शुक्ला, अखिलेश, मयंक, नावेद शिकोह, राजीव तिवारी बाबा, विमल पाठक, जितेंद्र शुक्ला, तमन्ना फरीदी, राम प्रकाश राय, रविंद्र शर्मा, विद्याशंकर राय, रंजीत कुमार, मिथिलेश तिवारी, पंकज चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
