लखनऊ, 30 मार्च 2026, RNN। यूपी के पांचवीं वरीय अंशुमान सिंह, एकलव्य सिंह, क्वालीफायर वंश यादव और ऋषि यादव ने प्रथम स्वर्गीय डॉ. के.एस.एम. यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में मुख्य ड्रॉ के पहले दिन जीत दर्ज कर एकल वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इसी के साथ उत्तर प्रदेश के एकलव्य सिंह, हरियाणा के सुनील कुमार और पश्चिम बंगाल के आदित्य कुमार ने उलटफेर भरी जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।
इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रायोजित इस टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रकाश डी (आईपीएस, डीजीपी जीआरपी) ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, इरम एजुकेशनल सोसायटी के निदेशक ख्वाजा सैफी फैजी यूनुस, हिलटॉप ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विवेक लाधानी और सेवानिवृत्त कर्नल गोपाल चतुर्वेदी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इससे पूर्व अतिथियों का स्वागत एसडीएस के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने किया।
मुख्य ड्रॉ के पहले राउंड में उत्तर प्रदेश के एकलव्य सिंह ने छठीं वरीय हरियाणा के अर्नत्या ओह्ल्यान को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराकर उलटफेर किया। हरियाणा के क्वालीफायर सुनील कुमार ने सातवीं वरीय तेलंगाना के राजेश्वर रेड्डी को 6-0, 6-3 से हराकर दूसरा उलटफेर किया। वहीं पश्चिम बंगाल के आदित्य कुमार 6-3, 3-0 से आगे थे, तभी तीसरी वरीय महाराष्ट्र के अनूप महादेव ने मैच छोड़ दिया।
पांचवीं वरीय उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह ने हरियाणा के ध्रुव घनघास के खिलाफ 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। क्वालीफायर उत्तर प्रदेश के वंश यादव ने हरियाणा के सौरव कुमार यादव को 6-2, 7-5 से और ऋषि यादव ने उत्तर प्रदेश के ही जॉय दास को 6-1, 6-2 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
दूसरी ओर शीर्ष वरीय महाराष्ट्र के अथर्व शर्मा ने दिल्ली के दक्ष गुप्ता को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से हराया। दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने हरियाणा के अखिल को 6-0, 6-0 से मात दी। चौथी वरीय तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने गुजरात के पुलकित हितेश पटवारी को 6-1, 6-2 से हराया। आठवीं वरीय महाराष्ट्र के पार्थ आर. पाटिल ने उत्तर प्रदेश के चिन्मय देव चौहान को 7-5, 3-6, 6-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
अन्य मुकाबलों में बिहार के वैभव सिंह ने महाराष्ट्र के परम चंद्रा को 6-2, 6-1 से, दिल्ली के वंश बिष्ट ने महाराष्ट्र के पांशुल ओबोवेजा को 3-6, 6-3, 6-4 से, राजस्थान के अमित ने उत्तर प्रदेश के यशार्थ चड्ढा को 6-2, 6-1 से, दिल्ली के आदित्य कोठारी ने दिल्ली के ही सचिन मल्हा को 6-4, 6-2 से और हरियाणा के हर्ष मलिक ने उत्तर प्रदेश के अनिरुद्ध मुखर्जी को 6-1, 6-1 से हराया।
केरल के कौशिक अरुण कुमार 7-5, 1-0 से आगे थे, तभी उत्तर प्रदेश के हनु वर्मा ने मैच छोड़ दिया।
