गुजरात में यूसीसी कानून पास होने पर बोले अमित शाह — देश समान कानून से चले, हमारा संकल्प

नई दिल्ली,25 मार्च, (यूएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता रही है कि देश तुष्टीकरण के आधार पर नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून से चले। गुजरात विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर उन्होंने यह बात कही।

बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि देश में हर नागरिक के लिए एक समान कानून हो, यह भारतीय जनता पार्टी का स्थापना काल से ही संकल्प रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की राज्य सरकारें इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

अमित शाह ने कहा कि उन्हें प्रसन्नता है कि उत्तराखंड के बाद अब गुजरात ने भी समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कदम के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और विधेयक को समर्थन देने वाले सभी विधायकों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि देश तुष्टीकरण के आधार पर नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून से चले, यह हमारी प्राथमिकता भी है और संकल्प भी है।

उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा ने मंगलवार को ‘गुजरात समान नागरिक संहिता विधेयक 2026’ पारित किया। इस कानून के लागू होने के बाद राज्य में सभी धर्मों के लिए विवाह, तलाक, संपत्ति और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े मामलों में एक समान नियम लागू होंगे।

इसके साथ ही गुजरात, उत्तराखंड के बाद समान नागरिक संहिता विधेयक पारित करने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *