कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी का विधानसभा चुनाव 2026 के लिए घोषणापत्र जारी किया। इसे ‘भरोसे का पत्र’ बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर राज्य में एक बंगाली चेहरे को ही मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र किसानों, युवाओं, महिलाओं और कर्मचारियों समेत हर वर्ग की उम्मीदों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और राज्य को मौजूदा निराशा के माहौल से बाहर निकालने का रास्ता दिखाएगा।
हर वर्ग के लिए विकास का रोडमैप
घोषणापत्र में किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। शाह के मुताबिक, कृषि क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने, युवाओं को रोजगार देने और महिलाओं की सुरक्षा व आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं शामिल की गई हैं। साथ ही बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित करने का भी वादा किया गया है।
सरकारी कर्मचारियों और महिलाओं के लिए बड़े एलान
- 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू करने का वादा
- सभी कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता सुनिश्चित करने की घोषणा
- छह महीने में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात
- ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये
- सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण
- राज्य की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा
किसानों और गरीबों के लिए घोषणाएं
- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य की ओर से 3000 रुपये अतिरिक्त सहायता
- गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये और छह पोषण किट
- ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत 75 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
युवाओं के लिए विशेष पैकेज
- स्नातक युवाओं को हर महीने 3000 रुपये का भत्ता
- प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता
- भर्ती घोटालों से प्रभावित अभ्यर्थियों को पांच साल तक आयु सीमा में छूट
घोषणापत्र की 10 बड़ी बातें
- छह महीने में समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा
- महिलाओं और युवाओं को 3000 रुपये मासिक सहायता
- मवेशी तस्करी पर सख्त रोक
- ‘वंदे मातरम संग्रहालय’ की स्थापना
- सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण
- 45 दिन में सातवां वेतन आयोग लागू
- उत्तर बंगाल में एम्स, आईआईटी और आईआईएम की स्थापना
- किसानों को अतिरिक्त 3000 रुपये सहायता
- चार नए टाउनशिप विकसित करने की योजना
राज्य की स्वास्थ्य योजना को आयुष्मान भारत से जोड़ने का वादा
विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
घोषणापत्र में कोलकाता मेट्रो के पूर्ण विद्युतीकरण, रेलवे परियोजनाओं के लिए एक साल में भूमि उपलब्ध कराने और 200 दिनों में अवैध कब्जे हटाने का लक्ष्य तय किया गया है।
मुख्यमंत्री चेहरे पर स्पष्ट संदेश
अमित शाह ने कहा, “हम वंशवाद की राजनीति नहीं करते। भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल का ही बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।”
जनसभा और रोड शो
घोषणापत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने कोलकाता में कार्यक्रम के साथ पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित किया और खड़गपुर में रोड शो के जरिए जनता से संवाद किया।
