उर्वरक की कम आपूर्ति और डायवर्जन पर कृषि मंत्री सख्त, खराब प्रदर्शन करने वाली कंपनियों पर होगी कार्रवाई

लखनऊ, 31 मार्च, 2026, RNN। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश में उर्वरक की कम आपूर्ति और डायवर्जन की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कंपनियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को विधानसभा स्थित सभागार में उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने प्रदेश की उर्वरक आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया। बैठक में उर्वरकों की कम आपूर्ति, वितरण में गड़बड़ी और कंपनियों द्वारा तय प्रतिबद्धताओं को पूरा न करने जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों और कंपनियों के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ कंपनियां आवंटन मिलने के बावजूद अपेक्षित मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति नहीं कर रही हैं, जो गंभीर लापरवाही का संकेत है। उन्होंने उर्वरक आपूर्ति की निगरानी सही ढंग से न करने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारी को फटकार भी लगाई।

कृषि मंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन कंपनियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाली कंपनियों को काली सूची में डालने (ब्लैकलिस्टिंग) और उन पर वित्तीय दंड लगाने जैसे दंडात्मक प्रावधान लागू किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य की रणनीति ऐसी बनाई जाए, जिससे आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए और किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक मिल सके।

बैठक में प्रमुख सचिव रवींद्र ने उर्वरक आपूर्ति और वितरण की प्रभावी निगरानी के लिए एक मजबूत और पारदर्शी प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कंपनियों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े सभी विवरण स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने होंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल स्पष्टीकरण देना होगा।

इस अवसर पर कृषि निदेशक डॉक्टर पंकज त्रिपाठी, अपर निदेशक आशुतोष मिश्रा, संयुक्त निदेशक अजय कृष्णा सहित उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *