बंगाल से केरल तक लहराएगा भगवा : नितिन नवीन

बंगाल से केरल तक लहराएगा भगवा : नितिन नवीन

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार पहुंचे नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि पार्टी ने आने वाले समय में पश्चिम बंगाल से लेकर केरल तक भगवा लहराने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि बिहार देश की राजनीति की धुरी है और यहां के जनादेश का प्रभाव पूरे देश की राजनीति पर पड़ता है।

पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने वाला केंद्र है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए पार्टी एक लाख नए युवा नेतृत्वकर्ताओं को आगे लाने की योजना पर काम कर रही है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर तंज कसते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कुछ नेता देश में रहते हुए संविधान पर सवाल उठाते हैं और विदेश जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने ऐसे नेताओं को “अंशकालिक राजनेता” बताते हुए कहा कि राजनीति में सफलता के लिए पूर्णकालिक प्रतिबद्धता जरूरी है।

नितिन नवीन ने कहा कि अंशकालिक राजनीति से न तो संगठन मजबूत होता है और न ही जनता का भरोसा बनता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं होता और भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जो एक सामान्य कार्यकर्ता को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।

उन्होंने बिहार में भाजपा की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को दिया। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, “यह जीत केवल बिहार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यहां से बंगाल और तमिलनाडु तक जाएगी। हर जगह भगवा लहराएगा।”

अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने उन्हें उंगली पकड़कर राजनीति सिखाई और एक के बाद एक जिम्मेदारियां मिलीं। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं।

प्रदेश नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चाहे वह कहीं भी रहें, पटना हमेशा उनके दिल में रहेगा और बिहार के विकास व सम्मान के लिए वह हर मंच पर मजबूती से खड़े रहेंगे।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आने वाले समय में पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा का परचम लहराएगा और एक सामान्य कार्यकर्ता ही भविष्य का बड़ा नेता बनेगा। नितिन नवीन ने कहा, “आज अंशकालिक राजनीति का दौर समाप्त हो चुका है। अब राजनीति में वही आगे बढ़ेगा, जो पूरी तरह समर्पित होकर जनता के बीच लगातार काम करेगा।”

इस कार्यक्रम के माध्यम से नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ मजबूत संवाद और संपर्क का संदेश दिया तथा सक्रिय, समर्पित और निरंतर जनसेवा को ही राजनीतिक सफलता की कुंजी बताया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *