शाहजहांपुर। कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रांगण स्थित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी की अध्यक्षता में ऊँ दिव्यांग जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए दिव्यांग महिला एवं पुरुषों की समस्याएं सुनी गईं।
दिव्यांगजनों ने मुख्य रूप से आवास, पेंशन, रोजगार एवं पुलिस विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। डॉ. विजय जौहरी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा समाधान की जानकारी लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी क्रम में विकास खंड सिंधौली के ग्राम कुइंया कीरतपुर निवासी दिव्यांग महिला रामकुमारी पत्नी सर्वेस कुमार को छत विहीन आवास होने के कारण ठंड से बचाव हेतु रेडक्रॉस की ओर से त्रिपाल उपलब्ध कराया गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गठित दिव्यांग बोर्ड के निर्धारित दिवस पर प्रमाण पत्र बनवाने आए दिव्यांगजनों ने शौचालय, पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था न होने की समस्या भी उठाई। इस पर रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी एवं ऊँ दिव्यांग जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। सीएमओ ने शीघ्र ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में विकास खंड ददरौल के थाना सेरामऊ दक्षिणी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसनिया निवासी 15 वर्षीय दिव्यांग किशोर हर्षित की नदी में डूबने से हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैठक में रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी, अमनीश सक्सेना, ऊँ दिव्यांग जन कल्याण समिति के उपाध्यक्ष बालकृष्ण पांडेय, कोषाध्यक्ष नंद किशोर मिश्रा, बृजेश कुमार गुप्ता, रवि बाबू, ए.बी. सिंह सहित रामकुमारी, विमला देवी, बेबी, प्रेमवती, संगिता देवी सहित कई दिव्यांग महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। अंत में डॉ. विजय जौहरी ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
