नई दिल्ली, 12 जुलाई। कतर के पूर्व अमीर और देश के आधुनिक विकास के प्रमुख शिल्पकार माने जाने वाले शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर भारत सरकार ने सोमवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। 74 वर्ष की आयु में रविवार को उनका निधन हो गया। कतर की सर्वोच्च सरकारी संस्था अमीरी दीवान ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय शोक के दौरान पूरे देश में उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है। इसके साथ ही सोमवार को कोई भी आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी नेता और भारत का सच्चा मित्र बताया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि शेख हमद के नेतृत्व में कतर ने विकास, समृद्धि और वैश्विक पहचान के नए आयाम स्थापित किए। उन्होंने यह भी याद किया कि फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उन्हें शेख हमद से मिलने का अवसर प्राप्त हुआ था।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कतर के मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और कतर की जनता के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भारत कतर के साथ खड़ा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, शेख हमद वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के पिता थे। भारत सरकार की ओर से संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के कतर जाकर भारत की ओर से आधिकारिक शोक संवेदना व्यक्त करने की संभावना है।
कतर के आधुनिक विकास के सूत्रधार थे शेख हमद
शेख हमद बिन खलीफा अल थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर पर शासन किया। जून 1995 में उन्होंने बिना रक्तपात के महल में हुए सत्ता परिवर्तन के माध्यम से अपने पिता शेख खलीफा बिन हमद अल थानी से सत्ता संभाली। उनके 18 वर्षों के शासनकाल में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और कूटनीतिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की।
उनके नेतृत्व में प्राकृतिक गैस उत्पादन में बड़े पैमाने पर वृद्धि हुई, जिससे कतर दुनिया के सबसे समृद्ध देशों में शामिल हो गया। प्रति व्यक्ति आय के मामले में भी कतर ने वैश्विक स्तर पर शीर्ष देशों में स्थान बनाया। साथ ही, उन्होंने कतर की विदेश नीति को अधिक सक्रिय और प्रभावशाली बनाते हुए उसे अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला देश बनाया।
शेख हमद को कतर के आधुनिक परिवर्तन और वैश्विक पहचान के प्रमुख वास्तुकारों में गिना जाता है। उनके निधन पर कतर सहित कई देशों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
