उरई (जालौन), 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को जालौन जिले को विकास की दो महत्वपूर्ण सौगातें देते हुए नवनिर्मित पेंशनर्स भवन और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तरणताल (स्विमिंग पूल) एवं विकसित खेल परिसर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
लोकार्पण समारोह में सबसे पहले स्वतंत्र देव सिंह ने पेंशनर्स भवन को जिले के वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि उन लोगों के सम्मान का प्रतीक है जिन्होंने अपने जीवन का लंबा समय राष्ट्र, समाज और शासन-प्रशासन की सेवा में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अनुभव, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की जीवंत मिसाल हैं तथा उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
मंत्री ने कहा कि पेंशनर्स भवन वरिष्ठ नागरिकों के लिए संवाद, सहयोग और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बनेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा करने के साथ समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास योजनाओं का क्रियान्वयन करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक विकास की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
बोले— वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और खेल अवसंरचना का विस्तार सरकार की प्राथमिकता; आधुनिक सुविधाओं से जिले को मिलेगा नया विकास आयाम
इस अवसर पर उपस्थित पेंशनरों ने भवन के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनकी लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता पूरी हुई है। उन्होंने सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें नियमित बैठकें, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित करने के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध होगा।
इसके बाद जलशक्ति मंत्री ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त तरणताल और खेल परिसर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक स्विमिंग पूल जालौन की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जिस समाज में खेल संस्कृति विकसित होती है, वहां अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच का वातावरण स्वतः निर्मित होता है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं अक्सर पीछे रह जाती थीं, लेकिन अब जालौन के खिलाड़ियों को अपने जिले में ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां तैयार होने वाले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, नियमित अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत ही खिलाड़ियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। ‘एक मंडल-एक स्पोर्ट्स कॉलेज’ और ‘एक जनपद-एक खेल’ जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नई खेल नीति के कारण प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए रोजगार, सम्मान और पुरस्कार की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी, पेंशनर और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने पेंशनर्स भवन और आधुनिक खेल सुविधाओं की उपलब्धता को जिले के सामाजिक और खेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।
