प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को बड़ी सफलता, एक लाख का इनामी आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ, 15 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। एसटीएफ ने हत्या की साजिश में शामिल एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को सोमवार तड़के आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि 27 मई 2026 को पीजीआई क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था और मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में एसटीएफ की कई टीमें लगाई गई थीं।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या मामले में वांछित और एक लाख रुपये का इनामी आरोपी गंगाराम यादव आलमबाग बस अड्डे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में गंगाराम यादव ने खुलासा किया कि उसने दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर हत्या के लिए शूटरों की व्यवस्था कराई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस पूरे षड्यंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों में शामिल रहा है।

एसटीएफ इससे पहले 31 मई को इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।

गिरफ्तार आरोपी गंगाराम यादव मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले का निवासी है। उसके खिलाफ घोषित एक लाख रुपये के इनाम के चलते पुलिस और एसटीएफ लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

एसटीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *