लखनऊ, 15 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें और मांगें उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान पानी, नाली, सड़क, चकमार्ग, पुलिस संबंधी विवाद, अतिक्रमण तथा अवैध निर्माण जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। उपमुख्यमंत्री ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की और त्वरित तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कई लोगों ने आवास और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी रखीं। मुरादाबाद निवासी लज्जा देवी और सीतापुर के हीरा लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर उपमुख्यमंत्री ने पात्रता की जांच कर नियमानुसार शीघ्र आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अम्बेडकर नगर की प्रियंका ने अपने पति के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जबकि हरदोई जनपद के बालामऊ निवासी अवधेश कुमार ने गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। उपमुख्यमंत्री ने दोनों मामलों में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनें तथा उनका समयबद्ध और नियमसंगत समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं को जनसेवक मानकर कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार प्रत्येक नागरिक के सुख-दुख में उसके साथ खड़ी है और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
