सरोजनी नगर बन रहा उत्तर प्रदेश का नया ग्रोथ इंजन : डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ, 14 जून (यूएनएस)। भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के अनुरूप सरोजनी नगर निवेश, नवाचार, रक्षा उत्पादन, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधुनिक अवसंरचना का उभरता हुआ राष्ट्रीय मॉडल बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) से लेकर एआई सिटी, एयरो सिटी, रक्षा औद्योगिक गलियारा, वेलनेस सिटी और नौसेना शौर्य संग्रहालय जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं।

डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर में लगभग 10,732 करोड़ रुपये की लागत से एआई सिटी विकसित की जा रही है, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डाटा सेंटर, सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगी। वहीं अमौसी क्षेत्र में प्रस्तावित एयरो सिटी निवेश, पर्यटन, व्यापार और आतिथ्य क्षेत्र को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि रक्षा औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत ब्रह्मोस एयरोस्पेस इकाई की स्थापना से उच्च तकनीकी रोजगार और रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार, वेलनेस सिटी, लोकबंधु अस्पताल, उत्तर प्रदेश फॉरेंसिक विज्ञान संस्थान तथा विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा संस्थानों के कारण सरोजनी नगर प्रदेश की उभरती मेडिकल कैपिटल के रूप में भी स्थापित हो रहा है। इसके साथ ही आवासीय टाउनशिप, आधुनिक परिवहन नेटवर्क और पेयजल, विद्युत तथा शहरी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल परिवर्तन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश, कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में सरोजनी नगर विकसित भारत-2047 और ट्रिलियन डॉलर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनके अनुसार आज सरोजनी नगर केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का जीवंत उदाहरण बन चुका है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *