लखनऊ, 13 जून 2026 (यूएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के कारण शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते दिल्ली जाने वाली आठ विमानों को एहतियातन चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार डायवर्ट की गई उड़ानों में अहमदाबाद-दिल्ली इंडिगो, वाराणसी-दिल्ली एयर इंडिया, पटना-दिल्ली एयर इंडिया एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-दिल्ली एयर इंडिया, मंगलुरु-दिल्ली इंडिगो, अल्माटी-दिल्ली एयर अस्ताना, किशनगढ़-दिल्ली इंडिगो तथा पटना-दिल्ली स्पाइसजेट की उड़ानें शामिल थीं।
मौसम सामान्य होने के बाद अधिकांश विमानों को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान के 23 यात्रियों ने स्वेच्छा से अपनी यात्रा स्थगित कर दी, जबकि इंडिगो की एक उड़ान के तीन यात्रियों ने लखनऊ में ही उतरने का फैसला किया।
स्पाइसजेट की एक उड़ान को बाद में रद्द कर दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सभी उड़ानों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई और यात्रियों को आवश्यक सहायता, सूचना तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
दिल्ली में प्रतिकूल मौसम के कारण उड़ान संचालन प्रभावित होने के चलते यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए उठाया गया।
