लखनऊ, 10 जून 2026 (यूएनएस)। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार सशक्त किया जा रहा है। इसी क्रम में आशियाना स्थित निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री Yogendra Upadhyay ने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एम.पी. अग्रवाल के साथ किया। इस दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का लोकार्पण कर उसे विभागीय कार्यों के लिए समर्पित किया।
उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न भागों का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
योगी सरकार उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को दे रही नई मजबूती
उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधारशिला सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लागू कर रही है। नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन के पूर्ण होने से नीति निर्माण, शैक्षणिक योजना, अनुसंधान प्रोत्साहन तथा संस्थागत समन्वय की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का फीता काटकर एवं अनावरण पट्टिका का अनावरण कर लोकार्पण किया।
नए कैंप कार्यालय के प्रारंभ होने से विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी तथा शासन, निदेशालय, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। आधुनिक अवसंरचना, डिजिटल प्रशासन तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है।
लोकार्पण के पश्चात अधिकारियों ने मंत्री को कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमृत त्रिपाठी, उच्च शिक्षा निदेशक बी.एल. शर्मा सहित उच्च शिक्षा विभाग, राज्य उच्च शिक्षा परिषद एवं निदेशालय के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को भवन निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्ययोजना तथा विभागीय गतिविधियों की जानकारी भी दी।
