लखनऊ, 07 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर भर्ती परीक्षा के लिए यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाली सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। राजधानी लखनऊ में 55 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,35,936 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 22,656 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 1,626 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 55 इंस्पेक्टर, 255 सब इंस्पेक्टर, 300 हेड कांस्टेबल, 600 कांस्टेबल तथा 300 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जिला कंट्रोल रूम में एक एसीपी, एक सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबलों की विशेष तैनाती की गई है।
प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी और कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया है। अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। बोर्ड के अनुसार सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा और परीक्षा प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बोर्ड के डीआईजी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने कहा कि शासन की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और परीक्षा की निष्पक्षता से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। नकल माफिया और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर आजीवन कारावास तक की कार्रवाई का प्रावधान लागू किया जाएगा।
भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
