वेस्ट एशिया का संकट बड़ी चुनौती, लेकिन भारत हर मोर्चे पर करेगा विजय हासिल : राजनाथ सिंह

लखनऊ, 07 जून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पश्चिम एशिया (वेस्ट एशिया) में उत्पन्न संकट आज पूरी दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है, लेकिन भारत इस चुनौती का मजबूती से सामना करेगा और हर मोर्चे पर सफलता हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि इस संकट का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा है और भारत भी इससे पूरी तरह अछूता नहीं है।

रविवार को आलमबाग के टेढ़ी पुलिया क्षेत्र में कैंट मंडल-एक के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने कहा कि वेस्ट एशिया की परिस्थितियों के कारण भारत में महंगाई दर में वृद्धि देखने को मिली है, जबकि दुनिया के कई देशों में महंगाई का स्तर और अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह संकट केवल किसी एक देश का नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि जीवन में आने वाली हर समस्या का समाधान केवल शिकायत करने से नहीं बल्कि पराक्रम, सूझबूझ और सकारात्मक प्रयासों से होता है। उन्होंने कहा कि चुनौतियां हमेशा रहेंगी, लेकिन उनका समाधान खोजने की क्षमता ही समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाती है।

इस दौरान उन्होंने अपने प्रतिनिधि एवं पूर्व आईएएस अधिकारी दिवाकर त्रिपाठी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लखनऊ के विकास की कई महत्वपूर्ण अवधारणाएं उनके सुझावों पर आधारित हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद उन्होंने शहर की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक को महसूस किया था। दिवाकर त्रिपाठी के सुझाव पर रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता दी गई, जिसके चलते आज लाखों वाहन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और प्रभाव में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। दुनिया में भारत के प्रति दृष्टिकोण बदला है और देश की आवाज को गंभीरता से सुना जा रहा है। उन्होंने संवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों से विकास संबंधी सुझाव भी मांगे और कहा कि उन्हें जब भी अवसर मिलता है, वे समस्याओं के समाधान का प्रयास करते हैं।

कार्यक्रम में सिख समाज के प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह बग्गा ने लखनऊ से अमृतसर के लिए सीधी विमान सेवा और वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग उठाई। इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसी मांगों को पूरा होने में कुछ समय लगता है, लेकिन उन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने लखनऊ को एक आदर्श और विकसित लोकसभा क्षेत्र बनाने का सपना देखा था, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में मेट्रो के दूसरे चरण की शुरुआत जल्द होगी, अवध चौराहे पर अंडरपास का निर्माण चल रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में फ्लाईओवर तथा सामुदायिक केंद्र बनाए जा रहे हैं। साथ ही 110 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनने से भारी वाहनों का दबाव शहर से बाहर हो गया है, जिससे ट्रैफिक और प्रदूषण दोनों में कमी आई है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *