जनसंवाद में बोले राजनाथ भाषण देने नहीं, आप लोगों की बात सुनने आया हूं

लखनऊ,06 जून 2026 (यूएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह जनता के बीच भाषण देने नहीं, बल्कि उनकी समस्याएं सुनने और सुझाव लेने आए हैं। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सुझाव विकास योजनाओं की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लखनऊ के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार काम कर रही हैं। ये बातें राजनाथ सिंह ने आज कैसरबाग स्थित राय उमा बाली प्रेक्षागृह में भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग जनसंवाद में कहीं। उन्होंने शहर के प्रबुद्धजनों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से सीधे संवाद किया।

विकास कार्यों, जनसुविधाओं और शहर की समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपने वार्ड में विपक्ष का पार्षद होने के कारण विकास कार्य न होने को लेकर नाराजगी जताई। जिस पर रक्षा मंत्री ने इसे पार्टी का विषय बताते हुए व्यक्तिगत स्तर की समस्याएं सामने रखने की सलाह दी। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

संवाद के दौरान भाजपा से जुड़े एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने अपने वार्ड की समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में भाजपा का पार्षद नहीं होने के कारण नाली, सड़क मरम्मत और सफाई जैसे कार्य प्रभावित हैं। उन्होंने मनोनीत पार्षद न बनाए जाने पर भी नाराजगी जताते हुए पूछा कि ऐसे में उनके वार्ड का विकास कैसे होगा? इस पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यह पार्टी का विषय है। यदि कोई व्यक्तिगत समस्या है, तो उसे उनके सामने रखा जाए। जनसंवाद में शामिल गौरव उपाध्याय ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों और विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित ओपन जिम की सराहना की।

व्यापारी नेता अनिल बजाज ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए रक्षा मंत्री हमेशा संवेदनशील रहते हैं। व्यापारिक हितों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। रंजीत चौधरी ने हाल में पेड़ गिरने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मामला संज्ञान में आते ही रक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए, जिससे राहत और बचाव कार्यों में तेजी आई। शिव प्रकाश पुजारी ने क्षेत्र में बने सामुदायिक केंद्र के लिए आभार व्यक्त किया।

इसे स्थानीय नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया। केदारनाथ बाजपेयी ने लखनऊ मेट्रो फेज-2 परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूरा होने से शहर की परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लाखों लोगों को राहत मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में लखनऊ तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सड़क, फ्लाईओवर, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए कार्यों ने शहर को देश के प्रमुख विकसित शहरों की कतार में खड़ा किया है। इस अवसर पर भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी भी मौजूद रहे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *