जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने 6 लोगों को लिया हिरासत में

जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने 6 लोगों को लिया हिरासत में

नयी दिल्ली, 6 जून (यूएनएस)। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दो समूहों के बीच संभावित टकराव को रोकने के लिए छह लोगों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लेने की यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन की गई, क्योंकि ऑनलाइन आंदोलन के समर्थन और विरोध में जुटे लोगों के बीच तनाव की आशंका की सूचना मिली थी।

अधिकारियों के अनुसार, यह कदम स्थिति को नियंत्रित रखने और प्रदर्शन को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जिनमें अधिकतर छात्र और युवा पेशेवर थे। प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर एकत्र हुए और परीक्षा एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

अधिकारियों ने बताया कि छह लोगों को उस समय एहतियातन हिरासत में लिया गया जब वे प्रदर्शन स्थल के पास गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करते पाए गए। उन्होंने कहा कि हालांकि, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जंतर-मंतर और राष्ट्रीय राजधानी के अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नयी दिल्ली जिले और अन्य क्षेत्रों में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और सीमा प्रवेश बिंदुओं पर भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा प्रदर्शन स्थल के आसपास बैरिकेड लगाकर भीड़ के आवागमन को नियंत्रित किया गया है, ताकि प्रतिद्वंद्वी समूहों को अलग रखा जा सके। प्रदर्शन में शामिल हुए छात्रों ने कॉकरोच मास्क पहन रखा था और वे फूल लिए हुए थे। कई स्कूली छात्र अपने अभिभावकों के साथ भी पहुंचे थे। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग करते हुए नारेबाजी की।

सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा संचालित मुहिम कॉकरोच जनता पार्टी अपने गठन के बाद से चर्चा में है और कई सार्वजनिक हस्तियों ने इसे सब्सक्राइब किया है। इसका गठन नीट, सीयूईटी, सीबीएसई से संबद्ध परीक्षाओं और एसएससी भर्ती प्रक्रियाओं सहित कई परीक्षाओं तथा भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोपों के बाद हुआ। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन से पहले भीड़ और प्रतिद्वंद्वी समूहों द्वारा बाधा डाले जाने की आशंका के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *