पेनल्टी स्ट्रोक में गोल कर मध्य कमान ने जीता ऑफिसर्स 6-ए-साइड हॉकी टूर्नामेंट का खिताब

लखनऊ, 06 जून। मध्य कमान (सेंट्रल कमांड) मुख्यालय ने ऑफिसर्स 6-ए-साइड हॉकी टूर्नामेंट-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। 11 गोरखा राइफल्स सेंटर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में मध्य कमान ने मध्य यूपी सब एरिया को पेनल्टी स्ट्रोक में 2-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

फाइनल मुकाबला निर्धारित समय तक बेहद संघर्षपूर्ण रहा और दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। निर्धारित समय में परिणाम नहीं निकलने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए किया गया। पेनल्टी स्ट्रोक में मध्य कमान ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए निर्णायक गोल दागा, जबकि मध्य यूपी सब एरिया की टीम अपने अवसरों को गोल में नहीं बदल सकी।

मैच के मुख्य अतिथि मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ अनिंद्य सेनगुप्ता ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अधिकारियों के बीच टीम भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को भी मजबूत बनाते हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) के निदेशक आनंद किशोर पाण्डेय को भी तकनीकी सहयोग और खेल आयोजन में योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट के सफल संचालन में स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। संस्था के प्रशिक्षित रेफरी और अंपायरों ने प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का संचालन किया, जिससे आयोजन सुचारु और सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

टूर्नामेंट के समापन के साथ खिलाड़ियों और अधिकारियों ने खेल भावना, प्रतिस्पर्धा और सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *