प्रतीक यादव के निधन पर अपर्णा यादव से मिले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, परिजनों को दी सांत्वना

लखनऊ, 05 जून 2026। केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर उनके पति प्रतीक यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया।

तीन दिवसीय लखनऊ प्रवास पर पहुंचे राजनाथ सिंह सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे कृष्णानगर पहुंचे और व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष रहे दिवंगत अशोक मोतियानी के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

दोपहर में रक्षा मंत्री ने छावनी क्षेत्र स्थित कस्तूरबा पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इसके बाद वह अपर्णा यादव के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल भी उपस्थित रहीं।

भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राजनाथ सिंह ने हिंद नगर में अशोक मोतियानी के परिवार से मिलने के बाद दिवंगत वस्त्र व्यापारी दर्शन लाल कुर्ती के आवास पहुंचकर भी परिजनों को सांत्वना दी और दुख साझा किया।

अपने लखनऊ प्रवास के दौरान रक्षा मंत्री विभिन्न सामाजिक, पर्यावरणीय और धार्मिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। शुक्रवार शाम वह दिलकुशा लॉन में आयोजित हरित अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद सीतापुर मार्ग स्थित सेवा अस्पताल परिसर में आयोजित रामकथा महोत्सव में पहुंचकर जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा का श्रवण करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार 6 जून को राजनाथ सिंह गोमतीनगर और निराला नगर क्षेत्र में विभिन्न परिवारों से मुलाकात करेंगे। वहीं शाम को हरदोई मार्ग स्थित मिलेनियम पैलेस में प्रबुद्ध नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। 7 जून को आलमबाग स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *