हरियाली अभियान को मिली नई ऊंचाई, नौ वर्षों में 242 करोड़ पौधे रोपे गए: योगी

लखनऊ, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों के दौरान वन महोत्सव और विभिन्न अभियानों के माध्यम से 242 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में उनकी सरकार बनने के बाद पांच करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य के साथ अभियान की शुरुआत की गई थी। उस समय नर्सरी, संसाधनों और बड़े पैमाने पर पौधारोपण का अनुभव जैसी कई चुनौतियां थीं, लेकिन वन विभाग और अन्य विभागों के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान लगातार विस्तार पाता गया। उन्होंने बताया कि आज यह पहल जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में नई जागरूकता पैदा की है। उन्होंने कहा कि जननी और जन्मभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और पर्यावरण की रक्षा उसी दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पौधारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जन्मदिन पर मिलीं शुभकामनाएं

विश्व पर्यावरण दिवस के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना 54वां जन्मदिन भी मनाया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति और जनकल्याण के लिए उनका योगदान सराहनीय है। प्रधानमंत्री ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत अनेक राजनीतिक नेताओं ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और सुशासन की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *