अगले छह महीनों में लागू होंगे 2-3 नए मुक्त व्यापार समझौते, 2027 तक और कई एफटीए की तैयारी: पीयूष गोयल

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

नई दिल्ली, 05 जून 2026 (यूएनएस)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत अगले छह महीनों में कम से कम दो से तीन महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) लागू करेगा, जबकि वर्ष 2027 के दौरान तीन से चार अन्य बड़े व्यापार समझौतों को भी अमल में लाया जाएगा।

मुंबई में आयोजित सिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026 को ऑनलाइन संबोधित करते हुए गोयल ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में भारत ने व्यापारिक संबंधों के विस्तार की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस दौरान मॉरीशस, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ कुल नौ एफटीए को अंतिम रूप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मॉरीशस, यूएई, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और ईएफटीए के साथ समझौते पहले ही लागू हो चुके हैं, जबकि ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। गोयल ने कहा कि अगले नौ से दस महीनों के भीतर सभी नौ व्यापार समझौते पूरी तरह लागू हो जाएंगे, जिससे भारतीय निर्यातकों और उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

मंत्री ने उद्योग जगत से दीर्घकालिक निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत तेजी से उभरती वैश्विक अर्थव्यवस्था है और यहां निवेश करने वालों को भविष्य में बेहतर प्रतिफल मिलने की संभावना है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ऊर्जा आपूर्ति की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि भारत ने समय रहते ऊर्जा स्रोतों के विविधीकरण की रणनीति अपनाई, जिसके कारण वैश्विक संकट के बावजूद देश में पेट्रोल, डीजल, विमान ईंधन, एलएनजी और एलपीजी की आपूर्ति निर्बाध बनी रही।

उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई देश ऊंची मुद्रास्फीति और ऊर्जा संकट से जूझ रहे थे, तब भारत ने कीमतों को नियंत्रित रखने और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सफलता हासिल की। सरकार ने किसानों के लिए उर्वरकों की आपूर्ति भी सुचारु बनाए रखी है।

गोयल के अनुसार, नए एफटीए लागू होने से भारत के निर्यात, विनिर्माण, निवेश और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी तथा देश वैश्विक व्यापार में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *