दिल्ली अग्निकांड के बाद राजधानी के होटलों में फायर सुरक्षा जांच तेज

लखनऊ, 04 जून 2026 (यूएनएस)। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अग्निशमन विभाग के महानिदेशक सुजीत पांडेय ने गुरुवार को गोमतीनगर स्थित एक होटल का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अग्निशमन यंत्रों, अग्नि चेतावनी प्रणाली, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

महानिदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से ही आगजनी की घटनाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दे चुके हैं। उन्हीं निर्देशों के तहत प्रदेशभर में नियमित अग्नि सुरक्षा अभ्यास और सुरक्षा परीक्षण कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी संबंधित विभागों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत बहुमंजिला इमारतों, अस्पतालों, होटलों, व्यापारिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की विशेष जांच कराई जाएगी।

अग्निशमन विभाग के अनुसार प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। साथ ही सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई है।

विभाग का कहना है कि आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए केवल सरकारी तंत्र ही नहीं, बल्कि संस्थानों और आम नागरिकों की जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। इसलिए सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *