टी-20 विश्व कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर गिरी गाज, नए कप्तान की तलाश में बीसीसीआई

नई दिल्ली, 03 जून 2026 (यूएनएस)। भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टी-20 विश्व कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टी-20 टीम की कप्तानी से हटाए जाने की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), चयन समिति और टीम प्रबंधन आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले नए नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने पर विचार कर रहे हैं।

रिपोर्टों में दावा किया गया है कि पिछले दो वर्षों से लगातार खराब फॉर्म और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने नेतृत्व परिवर्तन का मन बनाया है। बताया जा रहा है कि सूर्यकुमार यादव को भविष्य की योजनाओं में सीमित भूमिका देने पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। लगातार खराब बल्लेबाजी फॉर्म के कारण उनकी कप्तानी और टीम में जगह दोनों पर सवाल उठ रहे थे। टी-20 विश्व कप जीत के बावजूद बल्ले से उनका योगदान अपेक्षाकृत कमजोर रहा, जिससे चयनकर्ताओं की चिंताएं बढ़ीं।

सूत्रों के अनुसार नए कप्तान के लिए श्रेयस अय्यर सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा तिलक वर्मा और संजू सैमसन के नामों पर भी चर्चा चल रही है। श्रेयस अय्यर की नेतृत्व क्षमता और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें अगला टी-20 कप्तान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।

भारतीय टीम को इसी महीने आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला खेलनी है। माना जा रहा है कि अगले 24 घंटों में चयन समिति नए कप्तान के नाम पर अंतिम फैसला ले सकती है।

यदि यह फैसला लागू होता है तो विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल अपेक्षाकृत कम समय में समाप्त हो जाएगा और भारतीय टी-20 टीम एक नए नेतृत्व युग में प्रवेश करेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *