डी.के. शिवकुमार बने कर्नाटक के मुख्यमंत्री, सोनिया गांधी ने दी ‘सबको साथ लेकर चलने’ की सलाह

बेंगलुरु/नई दिल्ली, 03 जून 2026 (यूएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ ही आठ बार विधायक रहे डी.के. शिवकुमार का लंबे समय से संजोया गया सपना पूरा हो गया। पिछले कई वर्षों से कर्नाटक कांग्रेस की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिवकुमार को पार्टी का संकटमोचक भी माना जाता है।

मुख्यमंत्री पद को लेकर डी.के. शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच लंबे समय से चल रही राजनीतिक खींचतान का अंत पिछले सप्ताह हुआ, जब सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व के निर्देश पर 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।

सोनिया गांधी ने फोन कर दी बधाई

शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने डी.के. शिवकुमार से फोन पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई देते हुए सरकार और संगठन में सभी को साथ लेकर चलने की सलाह दी।

शिवकुमार के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार सोनिया गांधी ने कहा, “सबको साथ लेकर चलें। मुझे विश्वास है कि आप कर्नाटक को सफलता के मार्ग पर आगे ले जाएंगे और अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करेंगे।”

डी.के. शिवकुमार ने सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा उन पर भरोसा जताया है और वह इस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

मां का लिया आशीर्वाद

शपथ ग्रहण समारोह के लिए रवाना होने से पहले डी.के. शिवकुमार ने अपनी मां गौराम्मा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मां के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और परिवार के साथ कुछ भावुक पल भी बिताए।

सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्य समिति में जगह

इस बीच कांग्रेस महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य बनाए जाने पर बधाई दी।

सुरजेवाला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सिद्धारमैया का व्यापक अनुभव, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संवैधानिक मूल्यों में उनका विश्वास कांग्रेस की वैचारिक लड़ाई को और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आम लोगों के हितों की लड़ाई में सिद्धारमैया का अनुभव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि पूर्व मुख्यमंत्री का प्रशासनिक अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस संगठन को और मजबूती प्रदान करेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *