कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या पर मायावती ने जताया दुख, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 02 जून (यूएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मेरठ जिले की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि सरधना विधानसभा क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी 17 वर्षीय राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की बदमाशों द्वारा की गई हत्या बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बसपा प्रमुख ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

गौरतलब है कि सोमवार को अनुष्का पाल की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में एक फास्ट फूड विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब डेढ़ माह बाद एक नाले से शव बरामद किया गया। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय के अनुसार, जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि अनुष्का की अंतिम गतिविधियां आरोपी श्याम धानक के साथ दर्ज हुई थीं। आरोपी मूल रूप से देहरादून का निवासी है और घटना के बाद चंडीगढ़ चला गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, अनुष्का कंकरखेड़ा क्षेत्र में किराये पर रहकर पढ़ाई के साथ कबड्डी का अभ्यास कर रही थी। उसके आवास के पास ही आरोपी की फास्ट फूड की दुकान थी, जहां उसका कुछ पैसा बकाया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 15 अप्रैल की रात रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, इस घटना को लेकर खेल जगत और स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश व्याप्त है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *