प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह हत्याकांड का खुलासा, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार

लखनऊ, 01 जून। रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम में 27 मई को दिनदहाड़े हुई प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह की हत्या के मामले में एसटीएफ और पीजीआई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साजिश के मास्टरमाइंड दिनेश यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि हत्या को अंजाम देने वाले दोनों शूटर अभी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जौनपुर निवासी 41 वर्षीय संदीप सिंह का कल्ली पश्चिम में प्रॉपर्टी कारोबार का कार्यालय है। घटना वाले दिन वह अपने चालक विपिन के साथ कार से कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही वह कार से उतरकर कार्यालय की ओर बढ़े, सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक हमलावर ने महज सात सेकंड के भीतर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर संदीप की हत्या कर दी और साथी के साथ फरार हो गया।

हत्या के बाद संदीप की पत्नी की तहरीर पर पीजीआई थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम जांच में जुटी थी।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के अनुसार, रविवार रात मुखबिर की सूचना पर डलौना अंडरपास के पास से मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा करते हुए बताया कि वह वर्ष 2016 से अंबेडकर नगर निवासी दिनेश कुमार यादव का निजी चालक है और उसी के निर्देश पर हत्या की योजना बनाई गई थी।

जांच में सामने आया कि दिनेश यादव और संदीप सिंह के बीच समदा क्षेत्र की एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। संदीप ने दिनेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था और विभिन्न विभागों में शिकायतें भी की थीं। इसी रंजिश के चलते दिनेश ने संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, दिनेश ने अपने चालक मुबीन को शूटरों का इंतजाम करने की जिम्मेदारी दी थी। मुबीन ने बाहरी शूटरों से संपर्क कर पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। शूटरों के लखनऊ में ठहरने, रेकी करने और वारदात को अंजाम देने की पूरी व्यवस्था भी उसी ने की थी।

रेकी के लिए अमीनाबाद से एक पुरानी मोटरसाइकिल खरीदी गई थी। बाइक पर नकली नंबर प्लेट लगाकर कई दिनों तक संदीप की गतिविधियों पर नजर रखी गई। सही मौका मिलने पर 27 मई को हत्या को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाइक की एक नंबर प्लेट, 3300 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि दिनेश यादव के खिलाफ लखनऊ और अंबेडकर नगर के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी समेत नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि घटना के दिन मुबीन बकरीद की तैयारी का बहाना बनाकर शहर छोड़ गया था, जबकि दिनेश भी लखनऊ से बाहर जाने की योजना बना रहा था। हत्या के तुरंत बाद शूटरों ने फोन कर वारदात सफल होने की सूचना दी थी।

पीजीआई पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार शूटरों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *