सई नदी में नहाने के दौरान घायल सेनानायक की मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सरोजनीनगर, 01 जून 2026। बंथरा क्षेत्र में सई नदी में नहाने के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए सेना के जवान रविंद्र कुमार रावत का रविवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। वह भारतीय सेना की मध्य कमान सिग्नल रेजीमेंट में नायक पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बंथरा के गोड़वा गांव निवासी 40 वर्षीय रविंद्र कुमार रावत वर्तमान में जबलपुर में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला लखनऊ हुआ था और उन्हें 25 मई को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना था। इसी बीच 24 मई की सुबह वह अपने कुछ मित्रों के साथ गांव के पास बहने वाली सई नदी में नहाने गए थे।

बताया जाता है कि नदी में छलांग लगाने के दौरान उनका सिर किसी भारी वस्तु से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और वह पानी के भीतर ही बेहोश हो गए। साथियों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कमांड हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

रविंद्र कुमार रावत
रविंद्र कुमार रावत

कमांड हॉस्पिटल में उपचार के दौरान वह लगातार कोमा में रहे, लेकिन रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार दोपहर सेना के अधिकारियों और जवानों द्वारा उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर सेना के वाहन से गांव लाया गया।

गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग एकत्र हो गए। बाद में गांव के बाहर स्थित उनकी पारिवारिक भूमि पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सेना के जवानों ने सलामी दी और बैंड की धुन के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।

अंतिम संस्कार में सेनानायक के पिता जगदीश रावत, भाई महेंद्र रावत, सांसद आर.के. चौधरी, लेफ्टिनेंट पीयूष बिष्ट सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

रविंद्र कुमार रावत अपने पीछे पत्नी तारावती और दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी उन्नाव के औरास क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। बड़ा बेटा अक्षांत (चीकू) पांच वर्ष और छोटा बेटा मीकू तीन वर्ष का है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *