गोमाता स्वघोषित राष्ट्रमाता हैं, उन्हें घोषित करने की आवश्यकता नहीं : योगी आदित्यनाथ

बिजनौर, 1 जून 2026 ( RNN)। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोमाता हमारे लिए स्वघोषित राष्ट्रमाता हैं और उन्हें किसी औपचारिक घोषणा की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि गाय और भारतीय समाज का संबंध जन्म-जन्मांतर का है तथा मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को किसी सरकारी प्रमाण की जरूरत नहीं होती।

मुख्यमंत्री सोमवार को बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र के आलमपुर गावड़ी गांव में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और पांच विस्थापित परिवारों को भूमि स्वामित्व से संबंधित अधिकार पत्र भी वितरित किए।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बिजनौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र महाभारतकालीन पांचाल देश की भूमि से जुड़ा रहा है और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा करने वालों की धर्म स्वयं रक्षा करता है, जबकि स्वार्थवश धर्म को क्षति पहुंचाने वाले अंततः स्वयं नुकसान उठाते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज भय और अराजकता से मुक्त होकर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था देश के लिए उदाहरण बनी है और आज बेटियां सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, जबकि व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बिजनौर में आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह क्षेत्र भविष्य में कृषि और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

उन्होंने जनता से विकास की गति को बनाए रखने में सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा और समृद्धि का संदेश पूरे प्रदेश में पहुंच रहा है और सरकार विकास की इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *