गंदे पानी की आपूर्ति से भड़के लोगों ने किया सड़क जाम, नगर निगम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

लखनऊ, 1 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी के मानक नगर क्षेत्र स्थित रामनगर कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान लोगों का सोमवार को आक्रोश फूट पड़ा। नाराज क्षेत्रवासियों ने लखनऊ-कानपुर रोड जाम कर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारी अवध चौराहा से लेकर इंडियन बैंक के सामने तक बड़ी संख्या में एकत्र हुए और अपने घरों से बोतलों में भरकर लाया गया गंदा पानी दिखाते हुए नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच न तो पर्याप्त बिजली मिल रही है और न ही पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध हो पा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि दूषित पानी की आपूर्ति से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण लखनऊ-कानपुर रोड पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को नटकुर खेड़ा से डायवर्ट करना पड़ा। इसके बावजूद सड़क पर लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें रोडवेज बसों समेत सैकड़ों वाहन फंसे रहे। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जलापूर्ति लाइनों की तत्काल जांच कर खराबी दूर की जाए और क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर निगम का कोई अधिकारी उनके घर आकर एक गिलास पानी पीकर दिखाए, तब उन्हें समस्या की गंभीरता का एहसास होगा।

सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से बातचीत की। अधिकारियों ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की मदद से सड़क पर यातायात को सामान्य कराया गया।

हालांकि क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। उन्होंने नगर निगम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *