राहुल गांधी ने कांग्रेस चिंतन शिविर में संगठन मजबूती का दिया मंत्र, जिलाध्यक्षों के परिवारों से की मुलाकात

पुष्कर/अजमेर, 1 जून 2026 (यूएनएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को राजस्थान के पुष्कर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के 10 दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन एवं संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में हिस्सा लिया। वाइल्ड रोज रिसॉर्ट में आयोजित इस शिविर में देशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाने पर जोर दिया।

शिविर में राजस्थान के 50 और दिल्ली के 15 जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जिलाध्यक्षों से संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को तेज करने तथा पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्षों के परिवारजन भी मौजूद रहे। राहुल गांधी ने उनसे आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान उन्होंने संगठन में कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

इससे पहले राहुल गांधी सुबह करीब 10:05 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां उनका स्वागत राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने किया। किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने राहुल गांधी को पारंपरिक हल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से पुष्कर के लिए रवाना हुए।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी शिविर में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन अंतिम समय में उनका दौरा रद्द हो गया। शिविर के समापन के साथ ही संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच व्यापक चर्चा हुई।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *