दालमंडी में 15 और मकानों पर चला बुलडोजर, पीडब्ल्यूडी ने तेज किया ध्वस्तीकरण अभियान

वाराणसी, 30 मई 2026 (यूएनएस)। वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में कुछ दिनों के अंतराल के बाद शनिवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने परियोजना के तहत 15 मकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई थी।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार जिन मकानों को हटाया गया, उनके स्वामियों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने और पूर्व में नोटिस दिए जाने के बाद मकान मालिकों ने भवन खाली कर दिए थे, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

बकरीद के मद्देनजर कुछ दिनों के लिए अभियान स्थगित कर दिया गया था। अब एक बार फिर परियोजना के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक दालमंडी परियोजना में अब तक 100 से अधिक मकानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।

दालमंडी क्षेत्र में प्रस्तावित विकास परियोजना के अंतर्गत कुल 181 मकानों को चिह्नित किया गया है। इनमें से अब तक 60 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि 40 से अधिक भवनों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन चरणबद्ध तरीके से शेष भवनों पर भी कार्रवाई कर रहा है।

ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की कमान एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन के नेतृत्व में संभाली गई। क्षेत्र में लगभग 200 पुलिसकर्मियों के साथ दो कंपनी पीएसी भी तैनात रही। पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बनाए रखी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

एसीपी अतुल अंजन ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अभियान के दौरान कहीं से भी किसी तरह के विरोध या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली और स्थिति पूरी तरह सामान्य रही।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दालमंडी परियोजना के तहत ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार 31 मई को भी निर्धारित भवनों पर कार्रवाई की जाएगी और परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *