चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, प्लेटफॉर्म का टिन शेड गिरा; टीटीई समेत तीन लोग गंभीर घायल

लखनऊ, 29 मई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा टिन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसमें दबकर एक टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। हादसे के समय प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या कम थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। घायलों की पहचान टीटीई भूपेंद्र और यात्रियों अभिषेक तथा साहिल के रूप में हुई है। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में टीटीई भूपेंद्र के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं।

हादसे के दौरान प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी ट्रेन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ देर पहले इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 से रवाना हुई थी। इसके बाद अचानक टिन शेड का लगभग 60 से 70 फीट लंबा हिस्सा टूटकर नीचे लटक गया और कुछ ही सेकंड में गिर पड़ा।

इसी दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आरपीएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर टिन शेड के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला। बाद में घायलों को तत्काल आलमबाग अस्पताल भेजा गया।

मौके पर क्रेन भी मंगवाई गई है, जिसकी मदद से गिरे हुए टिन शेड को हटाने का काम जारी है। स्टेशन पर सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है।

रेनोवेशन कार्य पर उठे सवाल

सूत्रों के अनुसार, चारबाग रेलवे स्टेशन पर इन दिनों रेनोवेशन का कार्य चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिन पिलरों और रेलिंग के सहारे टिन शेड को लगाया गया था, उन्हें मरम्मत कार्य के दौरान कुछ स्थानों से खोल दिया गया था। इससे टिन शेड का संतुलन और सपोर्ट कमजोर हो गया और वह अचानक गिर पड़ा।

बताया जा रहा है कि स्टेशन के नवीनीकरण कार्य के चलते प्लेटफॉर्म नंबर-4 पहले से बंद था, जबकि प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर ट्रेनों का संचालन जारी था।

जांच के आदेश

सुनील कुमार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *