नई दिल्ली, 28 मई 2026 (यूएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली। इस हार के साथ ही हैदराबाद का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। अब राजस्थान रॉयल्स का सामना 29 मई को गुजरात टाइटंस से होगा।
मुल्लांपुर में बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 50 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
वैभव सूर्यवंशी ने केवल 29 गेंदों में पांच चौके और 12 छक्कों की मदद से 97 रन बनाए। वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड से महज तीन रन दूर रह गए। वहीं ध्रुव जुरेल ने भी तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
244 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। राजस्थान के गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाकर हैदराबाद की बल्लेबाजी को दबाव में रखा। पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई।
राजस्थान की इस जीत के साथ टीम ने क्वालिफायर-2 में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा। विजेता टीम फाइनल में जगह बनाएगी।
