लखनऊ, 26 मई 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सेवक के रूप में 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई।
उन्होंने कहा कि इन वर्षों में गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता बना, अंत्योदय आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदला और जनभागीदारी ने विकास को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने नारी सशक्तीकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज भारत सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक नीति और वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी विकसित भारत-2047 के संकल्प को नई गति दे रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और स्वनिधि योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने विकास को सीधे जन-जन तक पहुंचाकर जनता का विश्वास मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना आज देश के विकास का आधार बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने “नेशन फर्स्ट” और “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस यात्रा को युगांतकारी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया।
