लखनऊ, 25 मई 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की तेरहवीं सोमवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर संपन्न हुई। इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव भावुक हो गईं।
कार्यक्रम में जब मौजूद लोगों ने “प्रतीक भैया अमर रहें” के नारे लगाए तो अपर्णा यादव की आंखें नम हो गईं। उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया और भावुक होकर घर के अंदर चली गईं। तेरहवीं कार्यक्रम में उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पूड़ियां भी बांटीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। उन्होंने प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
तेरहवीं में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव समेत पूरा यादव परिवार मौजूद रहा। राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर श्रद्धांजलि दी और पूड़ियां बांटीं। लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी कार्यक्रम में पहुंचीं।
विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास पर रामधुन का आयोजन किया गया था। शहर के कई इलाकों में प्रतीक यादव की तेरहवीं से जुड़े शोक संदेशों वाले होर्डिंग भी लगाए गए। कार्यक्रम स्थल के बाहर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। हालांकि, सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम में प्रवेश के लिए विशेष नियम लागू किए गए थे।
गौरतलब है कि प्रतीक यादव का निधन 13 मई 2026 को 38 वर्ष की आयु में हुआ था। वह अपने आवास पर मृत पाए गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़ों की बीमारी को मृत्यु का कारण बताया गया था, जबकि परिवार और करीबी सूत्रों के अनुसार लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं चल रही थीं।
14 मई को लखनऊ के भैंसाकुंड श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था। मुखाग्नि उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी थी। इसके बाद 16 मई को हरिद्वार के वीवीआईपी घाट पर उनकी अस्थियों का विसर्जन किया गया। उस दौरान अपर्णा यादव अपनी बेटियों के साथ चार्टर्ड विमान से उत्तराखंड गई थीं और आदित्य यादव भी उनके साथ मौजूद रहे थे।
