यूपी में बिजली संकट पर भड़के अखिलेश यादव, विधायकों की चिट्ठी को बताया ‘टिकट का आवेदन’

लखनऊ, 25 मई 2026 (यूएनएस)। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट और जनता के आक्रोश से बचने के लिए भाजपा विधायक और सांसद केवल दिखावटी चिट्ठियां लिख रहे हैं।

सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा नेताओं की ये चिट्ठियां जनहित में लिखे गए पत्र नहीं, बल्कि आगामी चुनावों में विपक्ष से टिकट पाने के लिए आवेदन पत्र हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा रूपी डूबते जहाज को छोड़ने की तैयारी में लगे नेताओं की मंशा अब जनता समझ चुकी है।

अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि उनके गठबंधन में ऐसे नेताओं के लिए कोई जगह नहीं है, जो जनता को केवल दुख, दर्द और परेशानियां देते रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश में भीषण गर्मी और बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बीमारों, बच्चों और महिलाओं को हो रही है। उन्होंने कहा कि घर-परिवार संभालने वाली महिलाएं गर्मी में खाने-पानी की व्यवस्था करते हुए सबसे अधिक कठिनाई झेल रही हैं।

सपा अध्यक्ष ने बिना नाम लिए सरकार और अधिकारियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “आपदा में अवसर” खोजने वालों ने जिस अफसर को चुना था, वही अब खुद आपदा बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि समस्या का समाधान पूछने पर केवल नारेबाजी कर जिम्मेदारी से बचा जा रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसी के लिए यह अच्छा मौका है कि वह पूरी तरह नाकाम साबित हो चुके “दूत-मंत्री” को हटा दे। इससे मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता भी खुल जाएगा और कुछ नेताओं को समायोजित करने का अवसर मिल जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को खुद पता है कि वह दोबारा सत्ता में नहीं लौटेगी, इसलिए वह जनता की समस्याओं और मांगों की अनदेखी कर केवल अपने हित साधने में लगी हुई है। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *