लखनऊ पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत, संगठन और सरकार के कामकाज की करेंगे समीक्षा

लखनऊ, 24 मई 2026 (यूएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत रविवार को लखनऊ पहुंचे। उनके इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रवास के दौरान संघ की कई महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें संगठन के विस्तार, अभियानों और भविष्य की रणनीति पर मंथन होगा।

सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ प्रवास के दौरान मोहन भागवत संघ के विभिन्न आयामों से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रचारकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संघ के मौजूदा कार्यक्रमों, जमीनी स्तर पर चल रहे अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।

संघ प्रमुख संगठन की मजबूती और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि बैठकों में कार्यकर्ताओं और प्रचारकों से सीधे फीडबैक लिया जाएगा, ताकि जमीनी अनुभवों और सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जा सके।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरे में सरकार और संगठन के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा हो सकती है। विभिन्न क्षेत्रों में चल रही योजनाओं, उनके प्रभाव और कार्यप्रणाली की समीक्षा कर संगठनात्मक दृष्टि से जरूरी सुझावों पर विचार किया जाएगा।

संघ के अंदरूनी कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने और आगामी अभियानों को गति देने के लिए यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन की गतिविधियों को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने पर भी चर्चा होने की संभावना है।

गौरतलब है कि इससे पहले मोहन भागवत 18 फरवरी को भी लखनऊ आए थे। उस दौरान भी उन्होंने कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया था। मौजूदा दौरे को उसी प्रक्रिया की अगली कड़ी माना जा रहा है, जिसमें संघ लगातार अपने कार्यों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति पर काम कर रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *