उत्तर प्रदेश में आसमान से बरस रही आग, 30 हजार मेगावाट पहुंची बिजली की मांग

लखनऊ, 23 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। प्रचंड गर्मी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भीषण लू तथा पश्चिमी हिस्सों में तेज धूलभरी हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

शनिवार को सुबह 11 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। भीषण गर्मी के कारण यातायात सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा और बाजारों में भी कारोबार प्रभावित हुआ। हालांकि सड़क किनारे बेल का शर्बत, आम का पना, गन्ने का रस, लस्सी, नींबू पानी और कोल्ड ड्रिंक्स बेचने वालों की खूब बिक्री हुई।

प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाओं का असर बना हुआ है। गर्म रातों ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम के तल्ख तेवरों के बीच राज्य में बिजली की मांग पीक आवर्स में 30 हजार मेगावाट से अधिक पहुंच गई है। बिजली विभाग लगातार मांग और आपूर्ति में संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जर्जर ट्रांसफार्मर और केबिलों में खराबी आने से कई इलाकों में बिजली की आवाजाही बनी हुई है।

बिजली संकट से परेशान उपभोक्ताओं और बिजली कर्मचारियों के बीच कई जगहों पर नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों और नर्सिंग होम में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इनमें डिहाइड्रेशन, बुखार और लू से संबंधित मरीज अधिक हैं।

डॉक्टरों ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार इस मौसम में तेल-मसाले वाले भोजन, बासी खाने और फास्ट फूड से बचना चाहिए। साथ ही खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा और पपीता जैसे फलों का अधिक सेवन करना चाहिए और भरपूर मात्रा में पानी पीना चाहिए।

मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा और तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भीषण गर्मी का असर रहा, जबकि रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि 23 और 24 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने ‘वार्म नाइट’ की भी चेतावनी जारी की है।

28 और 29 मई को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, हालांकि कई इलाकों में गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *