19वां रोजगार मेला आज, पीएम नरेंद्र मोदी 51 हजार युवाओं को देंगे नियुक्ति पत्र

नयी दिल्ली, 23 मई 2026 (यूएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को आयोजित होने वाले 19वें रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे।

केंद्र सरकार की ओर से रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘रोजगार मेला’ पहल शुरू की गई थी। अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 12 लाख युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

19वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। चयनित युवाओं को भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई अन्य विभाग शामिल हैं।

इससे पहले जनवरी में आयोजित 18वें रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि युवाओं को कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा था कि रोजगार मेला सरकारी भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और सरकार युवाओं के लिए देश और विदेश दोनों स्तरों पर नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कई देशों के साथ व्यापार और आवाजाही से जुड़े समझौते किए जा रहे हैं, जिससे भारतीय युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं।

मोदी ने आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश, तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम और ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा था कि इन क्षेत्रों में लाखों नए रोजगार पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत एनीमेशन, डिजिटल मीडिया और तकनीक आधारित सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से वैश्विक केंद्र के रूप में उभर रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *