विधानसभा भंग होने के बाद भी ममता बनर्जी ने नहीं बदली सोशल मीडिया प्रोफाइल, ‘मुख्यमंत्री’ टैग बरकरार

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की 17वीं विधानसभा भंग होने के बावजूद ममता बनर्जी ने अब तक अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में कोई बदलाव नहीं किया है। आधिकारिक रूप से मुख्यमंत्री पद से बाहर हो चुकीं ममता बनर्जी अभी भी अपने फेसबुक और एक्स प्रोफाइल पर “माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल” का उल्लेख कर रही हैं।

राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार किया था। अब सोशल मीडिया प्रोफाइल में मुख्यमंत्री का टैग बने रहने को भी उसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

गुरुवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने संविधान के अनुच्छेद 174(2)(बी) के तहत प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए 17वीं विधानसभा को भंग कर दिया था। विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को पूरा हो गया था। लोकभवन, कोलकाता की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि विधानसभा भंग करने का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने वर्ष 2021 में विधानसभा चुनाव जीतकर लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला था। वह वर्ष 2011 से राज्य की सत्ता में थीं। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा।

294 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 80 सीटों तक सिमट गई। ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर भी हार का सामना करना पड़ा।

चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर “100 सीटों की चोरी” का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री पद छोड़ने से भी इनकार कर दिया था।

अब राज्य में नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और भाजपा विधायक दल नए मुख्यमंत्री के चयन में जुटा है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *