लखनऊ/फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार ने आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले फिरोजाबाद जनपद में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले की विभिन्न विधानसभाओं में स्थित धार्मिक, ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों के विकास हेतु 24 परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 33.91 करोड़ रुपये (3391 लाख) की धनराशि मंजूर की गई है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल को सौंपी गई है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उन्होंने बताया कि टुंडला क्षेत्र के गोगा जी काली मंदिर पिपरौली के विकास के लिए 70 लाख रुपये, फिरोजाबाद के प्रसिद्ध पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के लिए 65 लाख रुपये और शिकोहाबाद के नगला केवल स्थित श्री ब्रह्मदेव शिव जी व बजरंगबली मंदिर के लिए 120 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा आबगंगा मंदिर, शिव मंदिर (नारखी ब्लॉक) सहित कई अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है।
टुंडला विधानसभा क्षेत्र में स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर (बड़ागांव) के लिए 1 करोड़ रुपये, सिद्धकाली माता मंदिर (ग्राम कनवार) के लिए 130 लाख रुपये और सिरसागंज के प्राचीन पथवारी माता मंदिर के लिए 110 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, कुदरिया वाले महाराज आश्रम, हनुमान मंदिर, जायनई माता मंदिर और रामकृष्ण धाम मंदिर (गंगा सागर गरियारी) जैसे प्रमुख स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
परियोजनाओं में धार्मिक स्थलों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों का भी विकास किया जाएगा। सिरसागंज स्थित अंबेडकर पार्क, रामकंठ आश्रम, ऐतिहासिक राधाकृष्ण मंदिर और वेद उपवन पार्क (ग्राम मावली) के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ है। नीमकरौरी बाबा की जन्मस्थली (अकबरपुर) के विकास हेतु 145 लाख रुपये दिए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी।
इसके अलावा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम करहरा और ग्राम अकबरपुर में भी विशेष योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। जसराना के बड़े जखैया महाराज मंदिर, समौर बाबा धाम करहरा के लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा शिकोहाबाद के शिववाटिका मंदिर में बहुउद्देशीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि रपड़ी ईको-टूरिज्म क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी 162 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश के प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक धरोहरों का कायाकल्प किया जा रहा है। इससे न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
